चेतना प्रकाश संवाददाता
नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सचल दल व्यवस्था समाप्त करने की ओर कदम बढ़ाने की उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने सराहना की है।
उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि पिछले दो वर्षों से मंडल मांग कर रहा था कि सचल दल व्यवस्था ख़त्म हो जिससे व्यापारियों का शोषण बंद हो, इस पर अमल होना शुरू हो गया है। हम प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का व्यापार मंडल की ओर से धन्यवाद करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने से व्यापारियों का उत्पीड़न बंद होगा। अधिकारियों की तानाशाही बंद होगी और व्यापार सरलता के साथ करना आसान हो जाएगा।
विकास जैन के अनुसार व्यापारी आए दिन प्रशासन के चक्कर में फंसा रहता था। एक बार गाड़ी पकड़े जाने पर पाँच पाँच दिन तक विभाग के चक्कर लगाने पड़ते थे। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने सरकार को लिखा था कि टैक्स चोरों को बिलकुल भी नहीं बख़्शा जाए। जो भी व्यापारी क़ानूनन रूप से कार्य करता है उसे परेशान न किया जाए। आज उसी क्रम में सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की आवाज़ को समझा गया और राज्य कर विभाग की सचल दल व्यवस्था को ख़त्म करने का निर्णय लिया गया।
