चेतना प्रकाश संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन अम्बावता ने झुग्गी झोपड़ियों में असुरक्षित और असुविधाजनक परिस्थितियों में जीवन यापन करने वाले लोगों की रक्षार्थ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बारिश, ठंड, गर्मी और बीमारी, इन सबका सबसे बड़ा बोझ इन्हीं परिवारों को उठाना पड़ता है। सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री आवास योजना / मुख्यमंत्री आवास योजना का उद्देश्य भी यही है कि हर गरीब परिवार को सुरक्षित छत मिले।
ज्ञापन में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले पात्र परिवारों का सर्वे जल्द से जल्द कराने, पात्र लोगों को सरकारी आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने, अस्थायी रूप से रह रहे परिवारों को विस्थापन का डर न देकर उन्हें योजना के तहत सुरक्षित घर दिलाने की पहल करने, जिन परिवारों के दस्तावेज़ अधूरे हैं, उनके दस्तावेज़ों को सरल प्रक्रिया के माध्यम से पूरा कराने में प्रशासनिक सहयोग करने की मांग की गयी है।
ज्ञापन में जिलाधिकारी से आशा की गयी हैं कि आपकी संवेदनशीलता और तत्परता से इन गरीब परिवारों को एक सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक जीवन मिलेगा।
ज्ञापन देने वालों में भारतीय किसान यूनियन अम्बावता के जिला प्रभारी कपिल खारी खैरपुर गुर्जर, महानगर अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ गीता नागर, नवेडा महिला नगर अध्यक्ष जन्नत, महानगर अध्यक्ष अनिल गुर्जर, युवा जिला अध्यक्ष रोबिन खारी दनकौर के साथ-साथ सभी अपनी समस्त टीम के साथ मौजूद रहे।
